शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026

वैश्विक स्तर पर शोध उत्कृष्टता की निरंतर पहचान

 

AKTU के डॉ. अनुज कुमार शर्मा ने विश्व के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची में लगातार छठी बार बनाई जगह


स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर की वैश्विक सूची में मिली पहचान, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान से बढ़ाया विश्वविद्यालय का गौरव

लखनऊ। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय (AKTU), लखनऊ के सेंटर फॉर एडवांस्ड स्टडीज में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनुज कुमार शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर द्वारा 7 अक्टूबर 2026 को जारी World’s Top 2% Scientists List 2026 में उन्हें स्थान मिला है। इसके साथ ही डॉ. शर्मा ने वर्ष 2021 से लगातार छठी बार इस प्रतिष्ठित वैश्विक सूची में अपनी जगह बनाई है। उनकी यह उपलब्धि अनुसंधान, नवाचार और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान को रेखांकित करती है। इसी सूची में इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (IET) के प्रो. अरुण कुमार तिवारी भी शामिल हैं।

वैश्विक स्तर पर शोध उत्कृष्टता की निरंतर पहचान

विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में लगातार छह वर्षों तक स्थान प्राप्त करना डॉ. शर्मा की दीर्घकालिक शोध प्रतिबद्धता और अकादमिक सक्रियता को दर्शाता है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में जारी सूची में भारत के 6,239 वैज्ञानिक शामिल थे, जबकि वर्ष 2026 की सूची में देश के 3,858 वैज्ञानिकों को स्थान मिला। ऐसे प्रतिस्पर्धी वैश्विक अकादमिक परिदृश्य में डॉ. शर्मा की निरंतर उपस्थिति उनके शोध कार्यों की गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय प्रभाव को रेखांकित करती है।

अकादमिक नेतृत्व और नवाचार में भी निभा रहे महत्वपूर्ण भूमिका

डॉ. अनुज कुमार शर्मा वर्तमान में एकेटीयू में डीन, एकेडमिक्स तथा मेकाट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इसके साथ ही वे नवाचार, सामाजिक उद्यमिता, अनुसंधान और औद्योगिक परामर्श से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। वह एकेटीयू फाउंडेशन के अंतर्गत कलाम सेंटर फॉर इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन ऑफ स्टार्टअप के निदेशक के रूप में भी कार्यरत हैं। उनके प्रयासों का उद्देश्य शोध को व्यावहारिक उपयोग, तकनीकी विकास और स्टार्टअप नवाचार से जोड़ना है।

डॉ. शर्मा ने वर्ष 2017 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएसएम), धनबाद से मशीनिंग विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। उनके प्रमुख शोध क्षेत्रों में मेटल कटिंग, इलेक्ट्रिकल डिस्चार्ज मशीनिंग, मशीनिंग ट्राइबोलॉजी, नैनो-कटिंग फ्लुइड्स, सॉफ्ट रोबोटिक्स, बायो-इंस्पायर्ड रोबोटिक्स और मेकाट्रॉनिक्स सिस्टम शामिल हैं।

135 से अधिक शोध पत्र और छह पेटेंट

अनुसंधान एवं तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में डॉ. शर्मा का योगदान उल्लेखनीय है। उनके नाम 135 से अधिक SCIE एवं Scopus इंडेक्स्ड शोध पत्र और छह पेटेंट दर्ज हैं। उन्होंने प्रधान अन्वेषक के रूप में छह शोध परियोजनाओं का नेतृत्व किया है, जिनकी कुल राशि चार करोड़ रुपये से अधिक है।

इन शोध परियोजनाओं को भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY), भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के SERB, उत्तर प्रदेश सरकार की काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (CST) तथा अन्य संस्थानों से वित्तीय सहयोग प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धियां उनके शोध कार्यों की व्यापकता और विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में योगदान को दर्शाती हैं।

अकादमिक उत्कृष्टता के लिए मिल चुके हैं कई सम्मान

डॉ. शर्मा को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश के राज्यपाल द्वारा अकादमिक एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, एकेटीयू ने उन्हें वर्ष 2020 और 2025 में बेस्ट टीचर अवार्ड प्रदान किया। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने सुरक्षा एवं बचाव से संबंधित उपयोगी उत्पादों के विकास में भी योगदान दिया।

एकेटीयू के लिए गौरव, युवा शोधार्थियों के लिए प्रेरणा

वर्ष 2021 से लगातार विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में स्थान प्राप्त करना डॉ. अनुज कुमार शर्मा की शोध के प्रति प्रतिबद्धता, अकादमिक उत्कृष्टता और नवाचार की दिशा में निरंतर प्रयासों का परिचायक है। उनकी यह उपलब्धि एकेटीयू के लिए गौरव का विषय है। साथ ही, यह युवा शोधार्थियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी तथा नवाचार के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित करती है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

प्रशासनिक सेवा से साहित्य साधना तक का प्रेरक सफर

  10 अक्टूबर को लखनऊ के बलरामपुर गार्डन में होगा भव्य सम्मान समारोह, साहित्यिक योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर होंगे सम्मानित लखनऊ। उत्तर प...